🕉️🎯👌🏻श्री हरिपुरुषाय नमः🌍🫂

राम नाम महत्ता Ram nam mahtta Tulsidas 


नहिं कलि करम न भगति बिबेकू। राम नाम अवलंबन एकू॥

कालनेमि कलि कपट निधानू। नाम सुमति समरथ हनुमानू॥


कलियुग में न कर्म है, न भक्ति है और न ज्ञान ही है, राम नाम ही एक आधार है। कपट की खान कलियुगरूपी कालनेमि के लिए राम नाम ही बुद्धिमान और समर्थ हनुमान हैं।


राम नाम मनि दीप धरुँ, जीह  देहरी  द्वार।

तुलसी भीतर बाहेरहुँ जौं चाहसि उजिआर॥ 


तुलसीदास कहते हैं, यदि तू भीतर और बाहर दोनों ओर उजाला चाहता है, तो मुखरूपी द्वार की जीभरूपी देहली पर रामनामरूपी मणि-दीपक को रख।


बरषा रितु रघुपति भगति तुलसी सालि सुदास।

राम  नाम  बर  बरन  जुग, सावन भादो मास॥ 


रघुनाथ की भक्ति वर्षा ऋतु है, तुलसीदास कहते हैं कि उत्तम सेवकगण धान हैं और 'राम' नाम के दो सुंदर अक्षर सावन-भादो के महीने हैं।


एहि महँ रघुपति नाम उदारा। अति पावन पुरान श्रुति सारा॥

मंगल भवन अमंगल हारी। उमा सहित  जेहि जपत पुरारी॥


इसमें श्री रघुनाथजी का उदार नाम है, जो अत्यन्त पवित्र है, वेद-पुराणों का सार है, कल्याण का भवन है और अमंगलों को हरने वाला है, जिसे पार्वतीजी सहित भगवान शिवजी सदा जपा करते हैं।


झूठइ  लेना  झूठइ  देना। झूठइ  भोजन  झूठ  चबेना।

बोेले मधुरबचन जिमि मोरा। खाइ महाअहि हृदय कठोरा॥


तुलसीदास जी इस चौपाई के माध्यम से बताते हैं कि कुछ लोग जीवन में हर चीज़ में झूठ का सहारा लेते हैं। चाहे वो लेन-देन हो, भोजन का वर्णन हो, या मीठे बोल हों, इन लोगों के व्यवहार में सच्चाई का अभाव होता है। वे दिखावे के लिए मीठे वचन बोलते हैं, परंतु उनके दिल कठोर होते हैं, जैसे कोई बड़ा विषधर हो। इनकी डींगे सुनने पर ऐसा लगता है कि उन्होंने बहुत कुछ कर लिया है, परंतु वास्तविकता कुछ और होती है।


बंदउँ नाम राम रघुबर को। हेतु कृसानु भानु हिमकर को॥

बिधि हरि हरमय बेद प्रान सो। अगुन अनूपम गुन निधान सो॥


मैं रघुनाथ के नाम 'राम' की वंदना करता हूँ, जो कृशानु (अग्नि), भानु (सूर्य) और हिमकर (चंद्रमा) का हेतु अर्थात् 'र' 'आ' और 'म' रूप से बीज है। वह 'राम' नाम ब्रह्मा, विष्णु और शिवरूप है। वह वेदों का प्राण है, निर्गुण, उपमा रहित और गुणों का भंडार है।


जन्म जन्म मुनि जतनु कराहीं। अंत राम कहि आवत नाहीं॥

जासु नाम बल संकर कासी। देत सबहि सम गति अबिनासी॥


मुनिगण जन्म-जन्म में (प्रत्येक जन्म में) (अनेकों प्रकार का) साधन करते रहते हैं। फिर भी अंतकाल में उन्हें 'राम' नहीं कह आता (उनके मुख से राम नाम नहीं निकलता)। जिनके नाम के बल से शंकर जी काशी में सबको समान रूप से अविनाशिनी गति (मुक्ति) देते हैं॥


नाम जीहँ जपि जागहिं जोगी। बिरति बिरंचि प्रपंच बियोगी॥

ब्रह्मसुखहि अनुभवहिं अनूपा। अकथ अनामय नाम न रूपा॥


ब्रह्मा के बनाए हुए इस प्रपंच (दृश्य जगत) से भली-भाँति छूटे हुए वैराग्यवान मुक्त योगी पुरुष इस नाम को ही जीभ से जपते हुए जागते हैं और नाम तथा रूप से रहित अनुपम, अनिर्वचनीय, अनामय ब्रह्मसुख का अनुभव करते हैं।


जाना चहहिं गूढ़ गति जेऊ। नाम जीहँ जपि जानहिं तेऊ॥

साधक नाम जपहिं लय लाएँ। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएँ॥


जो परमात्मा के गूढ़ रहस्य को (यथार्थ महिमा को) जानना चाहते हैं, वे (जिज्ञासु) भी नाम को जीभ से जपकर उसे जान लेते हैं। (लौकिक सिद्धियों के चाहनेवाले अर्थार्थी) साधक लौ लगाकर नाम का जप करते हैं और अणिमादि (आठों) सिद्धियों को पाकर सिद्ध हो जाते हैं।


जपहिं नामु जन आरत भारी। मिटहिं कुसंकट होहिं सुखारी॥

राम भगत जग चारि प्रकारा। सुकृती चारिउ अनघ उदारा॥


(संकट से घबराए हुए) आर्त भक्त नाम जप करते हैं, तो उनके बड़े भारी बुरे-बुरे संकट मिट जाते हैं और वे सुखी हो जाते हैं। जगत् में चार प्रकार के (1-अर्थार्थी - धनादि की चाह से भजनेवाले, 2-आर्त - संकट की निवृत्ति के लिए भजनेवाले, 3-जिज्ञासु - भगवान को जानने की इच्छा से भजनेवाले, 4-ज्ञानी - भगवान को तत्त्व से जानकर स्वाभाविक ही प्रेम से भजनेवाले) रामभक्त हैं और चारों ही पुण्यात्मा, पापरहित और उदार हैं।


नाम  प्रसाद  सम्भु  अबिनासी। साजु अमंगल  मंगल रासी॥

सुक सनकादि सिद्ध मुनि जोगी। नाम प्रसाद ब्रह्मसुख भोगी॥


नाम ही के प्रसाद से शिव अविनाशी हैं और अमंगल वेषवाले होने पर भी मंगल की राशि हैं। शुकदेव और सनकादि सिद्ध, मुनि, योगी गण नाम के ही प्रसाद से ब्रह्मानंद को भोगते हैं।


नारद जानेउ नाम प्रतापू। जग प्रिय हरि हरि हर प्रिय आपू॥

नामु जपत प्रभु  कीन्ह प्रसादू। भगत सिरोमनि भे प्रहलादू॥


नारद ने नाम के प्रताप को जाना है। हरि सारे संसार को प्यारे हैं, (हरि को हर प्यारे हैं) और आप (नारद) हरि और हर दोनों को प्रिय हैं। नाम के जपने से प्रभु ने कृपा की, जिससे प्रह्लाद भक्त शिरोमणि हो गए।


ध्रुवँ सगलानि जपेउ हरि नाऊँ। पायउ अचल अनूपम ठाऊँ॥

सुमिरि  पवनसुत  पावन नामू। अपने बस  करि राखे रामू॥


ध्रुव ने ग्लानि से हरि नाम को जपा और उसके प्रताप से अचल अनुपम स्थान प्राप्त किया। हनुमान ने पवित्र नाम का स्मरण करके राम को अपने वश में कर रखा है।


अपतु अजामिलु गजु गनिकाऊ। भए मुकुत हरि नाम प्रभाऊ॥

कहौं  कहाँ  लगि  नाम  बड़ाई। रामु न सकहिं नाम गुन गाई॥


नीच अजामिल, गज और गणिका भी हरि के नाम के प्रभाव से मुक्त हो गए। मैं नाम की बड़ाई कहाँ तक कहूँ, राम भी नाम के गुणों को नहीं गा सकते।